मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार ने रात में बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया था, जिसके कुछ घंटों बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
क्या है पूरा मामला
मृतकों की पहचान अब्दुल्ला दोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन दोकाडिया (35) और उनकी दो बेटियों आयशा (16) तथा जैनब (13) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात परिवार ने रिश्तेदारों के साथ घर पर खाना खाया था। बाद में रात करीब 1 बजे परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया।
कुछ घंटों में बिगड़ी हालत
रात के कुछ घंटों बाद परिवार के सभी सदस्यों को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। पहले उन्हें स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
मुंबई पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने खाने और तरबूज के सैंपल जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल फूड पॉइजनिंग की आशंका है, लेकिन अन्य एंगल से भी जांच जारी है।
रिश्तेदार सुरक्षित, जांच का फोकस तरबूज पर
बताया जा रहा है कि जिन रिश्तेदारों ने परिवार के साथ बिरयानी खाई थी, उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है। इसी वजह से जांच एजेंसियों का शक अब देर रात खाए गए तरबूज पर ज्यादा केंद्रित हो गया है।
गर्मी में बढ़ जाता है फूड पॉइजनिंग का खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार गर्मियों में कटे हुए फल, खुले में रखा खाना या खराब तरीके से स्टोर किए गए खाद्य पदार्थ जल्दी संक्रमित हो सकते हैं। खासकर तरबूज जैसे फलों में बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं यदि उन्हें सही तरीके से साफ और स्टोर न किया जाए।

