झील और बाजार क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी पुलिस निगरानी
नागपुर में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नागपुर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों और झील क्षेत्रों में अब पुलिसकर्मी Segway यानी सेल्फ-बैलेंसिंग स्कूटर पर पेट्रोलिंग करते नजर आएंगे।
पांच Segway पुलिस बेड़े में शामिल
जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग को कुल पांच Segway उपलब्ध कराए गए हैं। इनका उपयोग खासतौर पर उन इलाकों में किया जाएगा जहां लोगों की भीड़ अधिक रहती है और अपराध या अव्यवस्था की संभावना बनी रहती है।
इन इलाकों में होगी आधुनिक पेट्रोलिंग
पुलिस ने बताया कि Segway पेट्रोलिंग को सोनेगांव लेक, अंबाझरी लेक, फुताला लेक, सीताबर्डी मार्केट, इतवारी मार्केट और सक्करदरा-ताजबाग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इन जगहों पर छुट्टियों और शाम के समय बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
भीड़ नियंत्रण और अपराध रोकने पर रहेगा फोकस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक Segway की मदद से जवान भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेजी से मूवमेंट कर सकेंगे। इससे चोरी, छेड़छाड़, महिलाओं के खिलाफ अपराध और अन्य घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। साथ ही झील क्षेत्रों में आत्महत्या जैसी घटनाओं को रोकने के लिए भी निगरानी बढ़ाई जाएगी।
पुलिसकर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
इन आधुनिक वाहनों को चलाने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष ट्रेनिंग भी दी गई है। पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारी लोगों को जागरूक करने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए सार्वजनिक घोषणाएं भी करेंगे।
तकनीक आधारित पुलिसिंग की ओर बढ़ता नागपुर
पिछले कुछ समय से नागपुर पुलिस लगातार तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर दे रही है। इससे पहले भी शहर में AI आधारित Crowd Management System शुरू किया गया था। अब Segway पेट्रोलिंग को शहर की सुरक्षा व्यवस्था में एक नई और आधुनिक पहल माना जा रहा है।

