कन्हान: कन्हान पुलिस ने प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शोराब जब्बार अंसारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर Pyeevon Spas Plus नामक दवा की 15,814 कैप्सूल बरामद की हैं, जिनका उपयोग नशे के लिए किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
गोपनीय सूचना के आधार पर की गई छापेमारी
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कामठी कॉलरी नंबर-3, खदान परिसर निवासी शोराब जब्बार अंसारी बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के Pyeevon Spas Plus दवा की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापा मारा।
पुलिस टीम ने बरामद की 15,814 नशीली कैप्सूल
कार्रवाई का नेतृत्व API अजितसिंह देवरे और PSI प्रवीण देव्हारे ने किया। उनके साथ पुलिस हवलदार अमोल नागरे, प्रकाश ठोके, अनिल खरड़केले, अविनाश तोडसाम और रूपाली तिडके भी टीम में शामिल थे।
तलाशी के दौरान घर में रखे बॉक्सों से Pyeevon Spas Plus की कुल 15,814 कैप्सूल बरामद की गईं।
कैप्सूल में मिला ट्रामाडोल, बिना प्रिस्क्रिप्शन बिक्री अपराध
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई कैप्सूल में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड सहित नशीला प्रभाव उत्पन्न करने वाले तत्व पाए गए हैं। ऐसी दवाओं की बिना वैध चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन बिक्री, भंडारण और दुरुपयोग कानूनन गंभीर अपराध माना जाता है।
औषधि प्रशासन ने भी निभाई अहम भूमिका
इस संयुक्त कार्रवाई में औषधि प्रशासन की निरीक्षक स्वाती भरडे की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग से दवाओं की जांच और जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी शोराब जब्बार अंसारी के खिलाफ NDPS एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच कन्हान पुलिस द्वारा की जा रही है।
अवैध दवा कारोबारियों में मचा हड़कंप
कन्हान पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से नशीली और प्रतिबंधित दवाओं का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

