स्कूल में खेलते समय तीसरी कक्षा के छात्र की मौत, घटना से मचा हड़कंप

नागपुर: शहर के जरीपटका स्थित राजकुमार केवलरामानी हाईस्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय में बुधवार दोपहर अवकाश के दौरान खेलते समय तीसरी कक्षा के छात्र फनीत कटरे (7 वर्ष) की अचानक मौत हो गई। इस दुखद घटना से छात्र के परिजनों, स्कूल प्रशासन और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। छात्र की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

  • Save

खेलते-खेलते अचानक गिर पड़ा फनीत कटरे

मृत छात्र की पहचान फनीत कटरे (7 वर्ष), निवासी समता नगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:10 बजे भोजनावकाश के दौरान फनीत अपने साथियों के साथ स्कूल परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा।

तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने चार शिक्षिकाओं के साथ फनीत को जनता अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेयो अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद स्कूल में लोगों की भीड़, पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक स्कूल पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए जरीपटका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

  • Save

स्कूल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों से किया इनकार

स्कूल के अध्यक्ष विजय केवलरामानी ने कहा कि घटना के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। छात्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रशासन हमेशा गंभीर और सतर्क रहता है तथा घटना से संबंधित सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित हैं।

आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

जरीपटका थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल ताकसांडे ने बताया कि फिलहाल इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (एडी) का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

  • Save

शिक्षा विभाग से जांच की मांग

इस बीच शिवसेना (शिंदे) के उत्तर नागपुर विधानसभा संयोजक गणेश सोलुंके ने मामले की शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने इस घटना की जांच के लिए तीन शिक्षकों की जांच समिति गठित करने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link