महाल दंगा मामले में फहीम खान गिरफ्तार, शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा, दंगा मामले के एक अन्य केस में हुई कार्रवाई

नागपुर : पिछले वर्ष महाल इलाके में हुए चर्चित दंगा मामले के आरोपी फहीम खान को पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार किया है। तहसील पुलिस स्टेशन की टीम ने गुरुवार रात यह कार्रवाई की। फहीम खान, एमआईएम नगरसेविका अलिशा खान के पति हैं और उन पर दंगे की साजिश रचने का आरोप है।

  • Save

17 मार्च को महाल में भड़की थी हिंसा

महाल क्षेत्र में 17 मार्च को अचानक हिंसक दंगा भड़क गया था। इस दौरान बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की गई थी। वहीं महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और विनयभंग की घटना भी सामने आई थी। दंगे में कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हुए थे।

फहीम खान पर दर्ज हैं कई गंभीर मामले

पुलिस जांच में सामने आया था कि मायनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) से जुड़े फहीम खान की इस दंगे में अहम भूमिका थी। उसके खिलाफ गणेशपेठ और तहसील पुलिस स्टेशन में कुल छह मामले दर्ज किए गए थे। इससे पहले भी उसे गिरफ्तार किया गया था और प्रशासन ने उसका घर भी तोड़ दिया था।

एक मामले में गिरफ्तारी बाकी होने पर पुलिस की कार्रवाई

तहसील पुलिस स्टेशन में दर्ज पांच मामलों में से एक मामले में फहीम खान की गिरफ्तारी बाकी थी। इस केस की जांच बाद में आर्थिक शाखा को सौंप दी गई थी। जांच के दौरान पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं पिछले सप्ताह दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद संवेदनशील इलाकों में बढ़ाया गया बंदोबस्त

फहीम खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने उसके घर और शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस को आशंका है कि उसके समर्थक विरोध या हंगामा कर सकते हैं, इसलिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

  • Save

गणेशपेठ पुलिस ने भी किया था गिरफ्तार

करीब दो सप्ताह पहले गणेशपेठ पुलिस ने भी फहीम खान को गिरफ्तार किया था। मानकापुर इलाके में हुए एक विवाद में उसका नाम सामने आने के बाद एहतियातन यह कार्रवाई की गई थी। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

पुलिस फहीम खान को शनिवार को अदालत में पेश करेगी। मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस रिमांड की मांग किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link