नागपुर के कामठी में जयस्तंभ चौक के पास बैल बाजार इलाके में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के समय मकान मालिक परिवार के साथ चंद्रपुर जिले के राजुरा में जन्मदिन समारोह में शामिल होने गई थीं।
परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने बोला धावा
पुलिस के अनुसार, 67 वर्षीय शोभा माटे ने 21 अगस्त को अपना मकान बंद किया और परिवार के साथ राजुरा चली गईं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
घर खंगालकर ले गए कीमती सामान
घर में घुसने के बाद चोरों ने सभी कमरों और सामान की तलाशी ली। इसके बाद वे जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
वापस लौटने पर सामने आई चोरी
सोमवार को शोभा माटे परिवार के साथ घर लौटीं तो उन्होंने दरवाजा और ताला खुला पाया। घर के अंदर सामान की जांच करने पर कीमती वस्तुएं गायब मिलीं। उन्होंने तत्काल जूनि कामठी पुलिस को सूचना दी।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच सहायक पुलिस उपनिरीक्षक अभय मून कर रहे हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय दिघे के मार्गदर्शन में चल रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

