विश्वासघात: कर्मचारी ने मालिक को लगाया 12 लाख रुपये का चूना, डेढ़ साल तक गोदाम से चोरी कर बेचता रहा माल

डुप्लीकेट चाबी बनाकर गोदाम से निकालता था लेडीज कुर्ती का स्टॉक

नागपुर में एक कपड़ा व्यापारी के साथ विश्वासघात और धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दुकान में भरोसे के साथ नौकरी पर रखे गए कर्मचारी ने ही गोदाम से कपड़ों का माल चोरी कर बाजार में कम कीमत पर बेच दिया। इस मामले में व्यापारी को करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

फुटपाथ पर लेडीज कुर्ती का व्यवसाय करते हैं व्यापारी

  • Save

जानकारी के अनुसार, सोमलवाड़ा निवासी भारत मनोहर बुरडे (32) महालक्ष्मी मंदिर के सामने फुटपाथ पर लेडीज कुर्ती की दुकान संचालित करते हैं। दुकान के माल को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने महाल स्थित बोकडे भवन में एक गोदाम किराए पर लिया हुआ था।

2023 में नौकरी पर रखा था आरोपी कर्मचारी

व्यवसाय के कामकाज के लिए बुरडे ने सितंबर 2023 में वेदप्रकाश राजेश धनखारे (23) को नौकरी पर रखा था। काम के दौरान उसे कई बार गोदाम से माल लाने और ले जाने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाती थी।

कपड़ा व्यापारी की सूचना से खुला पूरा मामला

कुछ दिन पहले एक कपड़ा व्यापारी ने भारत बुरडे को फोन कर बताया कि उनका कर्मचारी पिछले डेढ़ साल से गोदाम का माल बाजार में कम कीमत पर बेच रहा है। सूचना मिलने के बाद बुरडे ने गोदाम मालिक से इस संबंध में जानकारी ली।

जांच में सामने आया कि वेदप्रकाश कई बार बिना अनुमति के गोदाम से माल निकाल चुका था।

पूछताछ में कबूल किया चोरी का जुर्म

  • Save

जब बुरडे ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने गोदाम की डुप्लीकेट चाबी बनाकर समय-समय पर माल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने चोरी का माल बॉबी पौनीकर और आलम शेख को आधी कीमत पर बेच दिया था।

स्टॉक जांच में सामने आया 12 लाख रुपये का घोटाला

इसके बाद व्यापारी ने गोदाम में रखे स्टॉक की जांच की। जांच में पता चला कि सितंबर 2023 से 10 नवंबर 2025 के बीच लगभग 12 लाख रुपये मूल्य की लेडीज कुर्तियां गायब हैं

कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला

व्यापारी की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी वेदप्रकाश धनखारे के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है तथा चोरी किए गए माल और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link