नागपुर: मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी के बीच नागपुर महानगरपालिका (NMC) ने आपातकालीन तैयारियां तेज कर दी हैं। मेयर नीता ठाकरे ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, आपदा प्रबंधन विभाग और सभी जोनल स्वच्छता विभागों के कर्मचारियों को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नदी-नालों और निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील
मेयर नीता ठाकरे ने विशेष रूप से नदी, नालों और निचले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि जलस्तर बढ़ता है या किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो नागरिक तुरंत फायर विभाग के कंट्रोल रूम से संपर्क करें।
पार्षदों से भी मांगा सहयोग
मेयर ने शहर के सभी पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों की हरसंभव सहायता करने का आग्रह किया है, ताकि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
सभी जोनल कार्यालयों में इमरजेंसी व्यवस्था सक्रिय
नागपुर महानगरपालिका ने अपने सभी जोनल कार्यालयों के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय कर दिया है। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य करेंगी।
24×7 काम कर रहा है सिटी ऑपरेशन सेंटर
मुख्यालय स्थित ‘श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी सिटी ऑपरेशन सेंटर (COC)’ को भी 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तुषार बाराहाटे ने बताया कि कंट्रोल रूम में लगातार कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

