नागपुर: लकड़गंज थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर में गौशाला में काम करने वाले 62 वर्षीय राजेश गिरजाशंकर पांड्या 2 सितंबर से लापता हैं। परिजनों ने उनके अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने इस मामले में एक स्थानीय राजनेता की कथित संलिप्तता का भी संदेह व्यक्त किया है। पुलिस इस पहलू समेत सभी संभावित कोणों से जांच कर रही है।
काम पर गए थे राजेश, शाम तक घर नहीं लौटे
राजेश पांड्या जनता सोसायटी, आंबेडकर नगर के निवासी हैं। उनके बेटे दिशांत पांड्या (25) क्षेत्र में ट्रेडर्स की दुकान चलाते हैं। पुलिस के अनुसार, राजेश 2 सितंबर को अपने बेटे की दुकान के सामने स्थित कामधेनु गौशाला में काम कर रहे थे।
शाम तक जब राजेश घर नहीं लौटे तो परिवार ने उनके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
परिजनों ने परिचितों और रिश्तेदारों से की पूछताछ
राजेश का पता नहीं चलने पर परिजनों और परिचितों ने कई स्थानों पर उनकी तलाश की। इसी दौरान परिवार के परिचित गौरव बारस्कर ने दिशांत को बताया कि उसने 2 सितंबर की दोपहर करीब राजेश से मुलाकात की थी।
गौरव के अनुसार, गौशाला के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि पुलिस ने राजेश को थाने बुलाया था, जिसके बाद वह पुलिस स्टेशन जाने की बात कहकर वहां से चले गए। इसके बाद राजेश वापस घर नहीं लौटे।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला
परिवार की शिकायत के आधार पर लकड़गंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 138 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि राजेश को उनकी इच्छा के विरुद्ध एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
लकड़गंज पुलिस निरीक्षक मुकुंद कावड़े ने बताया कि राजेश का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। परिवार द्वारा स्थानीय राजनेता पर लगाए गए संदेह को भी जांच के एक संभावित कोण के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

