भिवापुर में रेत माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार, सरगना समेत 9 आरोपियों पर मोक्का लागू

बनावटी रॉयल्टी पास के जरिए शासन को करोड़ों का नुकसान

नागपुर जिले के भिवापुर क्षेत्र में अवैध रेत तस्करी करने वाले रेत माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित अपराध नियंत्रण कानून मोक्का (MCOCA) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि यह गिरोह फर्जी रॉयल्टी पास तैयार कर शासन को करोड़ों रुपये के महसूल का नुकसान पहुंचा रहा था, साथ ही पर्यावरण को भी गंभीर हानि पहुंचा रहा था।

  • Save

टोली प्रमुख समेत 9 आरोपी मोक्का के दायरे में

इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के सरगना मोहम्मद इनाझुल उर्फ कल्लू तजमूल खान (40) निवासी रोशनबाग, खरबी चौक, नागपुर सहित कुल 9 आरोपियों के खिलाफ मोक्का के तहत कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा जिन अन्य आरोपियों के नाम उजागर किए गए हैं उनमें:

  • कैसर अली रियाजुद्दीन अली (47) – गरीब नवाज चौक, खरबी, नागपुर
  • सूरज दिलीप गभणे (27) – गुडेगांव, जिला भंडारा
  • दिनेश मधुकर काकडे (32) – डोंगरगांव, तहसील कुही, जिला नागपुर

शामिल हैं।

अवैध रेत से भरा टिप्पर और एस्कॉर्ट कार जब्त

24 अप्रैल 2026 को स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने भिवापुर इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन कर रहे एक टिप्पर और उसे एस्कॉर्ट कर रही क्रेटा कार को जब्त किया था।

जब्त वाहन:

  • टिप्पर क्रमांक – MH 40 BZ 1717
  • क्रेटा कार क्रमांक – MH 49 CD 4777

तपास के दौरान सामने आया कि आरोपी फर्जी रॉयल्टी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रेत की तस्करी कर रहे थे

पुलिस हिरासत में मिले संगठित अपराध के सुराग

कार्रवाई के बाद पुलिस ने कैसर अली और कल्लू खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ और सात दिन की पुलिस हिरासत के दौरान पुलिस को इस गिरोह के संगठित अपराध नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले।

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि गिरोह केवल अवैध रेत परिवहन ही नहीं बल्कि बनावटी दस्तावेज तैयार कर सरकारी आर्थिक धोखाधड़ी भी कर रहा था।

नागपुर, भंडारा और उमरेड तक फैला नेटवर्क

पुलिस के अनुसार इस गिरोह पर भिवापुर, उमरेड, नागपुर और भंडारा जिलों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ मोक्का लगाने का प्रस्ताव तैयार कर विशेष पुलिस महानिरीक्षक, नागपुर परिक्षेत्र को भेजा था, जिसे हाल ही में मंजूरी मिली।

  • Save

पांच आरोपियों के नाम अब भी गुप्त

हालांकि मोक्का कार्रवाई में कुल 9 आरोपी शामिल हैं, लेकिन पुलिस ने फिलहाल केवल 4 आरोपियों के नाम सार्वजनिक किए हैं। बाकी 5 आरोपियों की पहचान गुप्त रखी गई है, जिससे रेत के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों में हड़कंप मच गया है।

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सूत्रों के अनुसार एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भिवापुर पुलिस की विशेष टीम गुरुवार (7 मई) को पूरे दिन कार्रवाई में जुटी रही। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link