पुराने विवाद में दोस्तों ने ही की हत्या
नागपुर के इतवारी क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर तीन दोस्तों ने अपने ही साथी की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना धारस्कर रोड स्थित कसार भवन के सामने एक चाय की दुकान पर हुई। घटना का खुलासा रविवार सुबह करीब 7 बजे हुआ।
मृतक की पहचान मनीष चंद्रशेखर मोहिते (38) के रूप में हुई है। वह रेत का व्यवसाय करता था।
हत्या के बाद तीनों आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार शनिवार रात मनीष अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपियों ने मनीष पर हमला कर उसे पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों को पकड़ा
हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को एमआईडीसी हिंगणा क्षेत्र से दोपहर करीब 1:30 बजे गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें तहसील पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल धर्मेंद्र चव्हाण (25), कुणाल अनिल झाड़े (30) और विनय उर्फ डालू यशवंत पौनीकर (35) के रूप में हुई है।
व्हाइट हाउस बार में चारों ने साथ पी थी शराब
पुलिस जांच के अनुसार शनिवार रात करीब 8:30 बजे मनीष ने अपने भाई रोशन उर्फ गोलू मोहिते को फोन कर वाहन की चाबी मांगी थी। कुछ समय बाद उसने रोशन को झेंडा चौक स्थित व्हाइट हाउस बार में बुलाया। वहां मनीष अपने दोस्त निखिल के साथ शराब पी रहा था।
इसी दौरान मनीष के मोबाइल पर कुणाल झाड़े का फोन आया। कुछ देर बाद कुणाल और विनय भी बार के काउंटर पर पहुंच गए। इसके बाद मनीष, निखिल, कुणाल और विनय चारों ने साथ में शराब पी। मनीष एक शराब की बोतल अपने साथ लेकर वहां से निकला।
अलग-अलग दोपहिया से निकले थे आरोपी
शराब पीने के बाद मनीष और निखिल एक एक्टिवा से रवाना हुए, जबकि कुणाल और विनय दूसरी एक्टिवा से निकले। बाद में मनीष ने अपने भाई रोशन को फोन पर बताया था कि वह चितारओली स्थित ताजनेकर मूर्तिकार की दुकान के पास है।
इसके बाद घटनाक्रम किस तरह हत्या तक पहुंचा, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
चाय की दुकान पर मिला खून से लथपथ शव
रविवार सुबह चाय की दुकान के संचालक अमित पौनीकर ने तहसील पुलिस को सूचना दी कि उसकी दुकान पर हत्या हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मनीष मोहिते खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।
तीन दिनों में नागपुर में तीन हत्याओं से सनसनी
नागपुर शहर में लगातार तीन दिनों में तीन हत्याओं की घटनाओं से सनसनी फैल गई है। शुक्रवार को मानकापुर में पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या की थी। इसके बाद यशोधरानगर में जादूटोने के संदेह में ससुर ने बहू की हत्या कर दी। अब इतवारी में दोस्तों द्वारा अपने ही साथी की हत्या की घटना सामने आई है।

