हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से करीब 7 से 8 हजार लीटर डीजल चोरी कर लगभग 7.50 लाख रुपये का गबन करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पेट्रोल पंप के दो पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद दानिश इस्माइल खान (22) और सुफियात खान उर्फ रमजान खान (23) के रूप में हुई है। दोनों सक्करदरा थाना क्षेत्र के बड़ा ताजबाग इलाके के निवासी हैं।
डीजल के स्टॉक में मिली थी कमी
रिंग रोड स्थित संजय गांधी चौक के पास एचपी पेट्रोल पंप पर इमरान खान हमीद खान (35) पर्यवेक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उनके अधीन करीब सात से आठ कर्मचारी काम करते हैं। डीजल के स्टॉक में अंतर पाए जाने के बाद इमरान खान ने 30 सितंबर को सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
सीसीटीवी में चोरी करते दिखाई दिए आरोपी
सीसीटीवी फुटेज में पेट्रोल पंप पर पहले काम कर चुके मोहम्मद दानिश खान और सुफियात खान पंप के पीछे की ओर से डीजल निकालते दिखाई दिए। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
मशीन बंद कर नोजल से निकालते थे डीजल
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पेट्रोल पंप की मशीन बंद करने के बाद उसी मशीन के नोजल की मदद से डीजल बाहर निकालते थे। इस तरीके से उन्होंने करीब 7 से 8 हजार लीटर डीजल चोरी किया, जिसकी अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पेट्रोल पंप पर्यवेक्षक इमरान खान की शिकायत पर हुडकेश्वर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

