रेलवे भर्ती में ‘मुन्नाभाई’! उम्मीदवार एक, PET देने पहुंचा दूसरा

नागपुर: मध्य रेलवे की ग्रुप ‘डी’ भर्ती की शारीरिक पात्रता परीक्षा (PET) में उम्मीदवारों की जगह डमी अभ्यर्थियों के परीक्षा देने का मामला सामने आया है। पहचान सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़ में आने के बाद अजनी पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

  • Save

अंकित तिवारी की जगह शिवम यादव ने दी PET

जांच में सामने आया कि आगरा (उत्तर प्रदेश) के बागदा गांव निवासी मूल उम्मीदवार अंकित रामदास तिवारी (21) की जगह शिकोहाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी शिवम हरिकिशन यादव (26) PET देने पहुंचा था। आरोप है कि शिवम ने खुद को अंकित तिवारी बताकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शारीरिक परीक्षा दी।

बुधराम मीणा के नाम पर भी फर्जीवाड़ा

दूसरे मामले में बुधराम मीणा के नाम पर राहुलकुमार मीणा ने कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र प्रस्तुत किया और PET देने का प्रयास किया। दोनों मामलों में पहचान जांच के दौरान डमी उम्मीदवारों की पोल खुल गई।

उत्तर प्रदेश और राजस्थान के चार लोगों पर मामला

इस फर्जीवाड़े में उत्तर प्रदेश के दो और राजस्थान के दो लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। रेलवे भर्ती कक्ष के वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्रकुमार हिरालाल परदेशी (58) की शिकायत पर अजनी पुलिस ने चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

  • Save

1 जून से 5 सितंबर तक चल रही थी जांच

अजनी रेलवे स्टेडियम ग्राउंड पर मध्य रेलवे की ग्रुप ‘डी’ भर्ती के लिए PET आयोजित की जा रही है। 1 जून से 5 सितंबर 2026 के दौरान दस्तावेजों और पहचान की बारीकी से जांच की गई। इसी प्रक्रिया में दोनों मामलों का खुलासा हुआ।

और कितने ‘डमी’ उम्मीदवार, जांच जारी

रेलवे प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि भर्ती प्रक्रिया में और कितने उम्मीदवारों की जगह डमी अभ्यर्थियों ने PET दी। मामले की आगे की जांच अजनी पुलिस द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link