नागपुर: महा-मेट्रो में कार्यरत कंत्राटी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 08 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री सचिवालय, नागपुर पर जोरदार मोर्चा निकाला। यह मोर्चा नागपुर मेट्रो रेल कंत्राटी कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से संलग्न) के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
कंत्राट पद्धती बंद कर स्थायी नियुक्ति की मांग
कर्मचारियों का कहना है कि महा-मेट्रो एक दीर्घकालीन और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, इसलिए इसमें कार्यरत कंत्राटी कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग पद्धति समाप्त कर स्थायी किया जाए। उनका मानना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को स्थायित्व मिलना चाहिए।
PSU के अनुसार वेतन देने की मांग
मोर्चा में शामिल कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार वेतनमान (Pay Scale) लागू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (PSU) के कर्मचारियों के समान वेतन और सुविधाएं दी जानी चाहिए।
5 साल सेवा पूरी करने वालों को पदोन्नति
कर्मचारियों की एक प्रमुख मांग यह भी रही कि जो कंत्राटी कर्मचारी एक ही पद पर लगातार 5 वर्ष तक सेवा दे चुके हैं, उन्हें उनके पदनाम के पहले ‘Senior’ जोड़कर पदोन्नति दी जाए, जिससे उनके अनुभव का सम्मान हो सके।
सरकारी छुट्टियों का समान लाभ देने की मांग
मोर्चा में यह मुद्दा भी उठाया गया कि कायमस्वरूपी और डेपुटेशन कर्मचारियों की तरह कंत्राटी कर्मचारियों को भी सभी शासकीय छुट्टियों का लाभ मिलना चाहिए, ताकि कार्यस्थल पर समानता बनी रहे।
इस मोर्चे के माध्यम से कर्मचारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आगे और तीव्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

