खाने और शराब को लेकर विवाद में पति ने पत्नी की हत्या, जमीन पर सिर पटककर ली जान

कामठी के रनाला इलाके में शराब और खाने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे रनाला-भिलगांव मार्ग स्थित खानवाणी ले-आउट में हुई। पुलिस ने आरोपी पति उमाशंकर थानसिंग वटी (65) को गिरफ्तार कर लिया है।

  • Save

शराब की बोतल गायब होने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, उमाशंकर देशी शराब की 90 मिलीलीटर की बोतलें लेकर घर आया था। इनमें से एक बोतल नहीं मिलने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पत्नी श्यामवती उमाशंकर वटी (60) का सिर कथित तौर पर जमीन पर जोर से पटक दिया।

गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया

घटना के दौरान उनका 10 वर्षीय पोता भी मौके पर मौजूद था। श्यामवती को घायल देखकर पोते के चिल्लाने पर पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ठेकेदार रोशन हलमारे को जानकारी दी, जिसके बाद श्यामवती को तत्काल कामठी उपजिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

  • Save

दो साल से झोपड़ी में रह रहा था दंपती

उमाशंकर और श्यामवती मूल रूप से नगरवाड़ा, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) के रहने वाले थे। दोनों पिछले करीब दो वर्षों से रनाला शिवार में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और ठेकेदार रोशन हलमारे के यहां निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे।

आरोपी पति उमाशंकर वटी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद नवीन कामठी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी उमाशंकर थानसिंग वटी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अक्षय झगड़े कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link