केजीएन होटल के बाहर रात साढ़े तीन बजे हुआ बवाल
नागपुर के मोमिनपुरा क्षेत्र स्थित केजीएन होटल के बाहर रविवार देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धक्का लगने की बात को लेकर शुरू हुए विवाद में चार दोस्तों के साथ मारपीट की गई, जबकि एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। यह घटना तहसील पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है, जिससे शहर की ‘नाइट लाइफ’ के दौरान बढ़ती अपराधी गतिविधियों पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
मुंबई से आई दोस्त के साथ घूमने निकले थे युवक-युवतियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता युवती अनुराधा अपनी मित्र पूजा, जो मुंबई से नागपुर आई थी, के साथ घूमने निकली थी। उनके साथ फैजान नासिर खान (30) और आर्यन नारायणे भी थे। चारों पहले एलआईसी चौक स्थित एक पब में गए और बाद में रात करीब 3 बजे भोजन के लिए केजीएन होटल पहुंचे।
धक्का लगने के बाद शुरू हुआ विवाद
भोजन कर होटल से बाहर निकलते समय फैजान खान का हाथ वहां मौजूद एक युवक को लग गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोपी युवक ने फैजान से बहस करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
दो युवतियों समेत चार आरोपियों ने की मारपीट
विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक का एक साथी और उनके साथ मौजूद दो युवतियां भी झगड़े में शामिल हो गईं। आरोप है कि चारों ने मिलकर फैजान, अनुराधा, पूजा और आर्यन के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने की कोशिश करने वालों को भी नहीं बख्शा गया।
फैजान के पेट में चाकू घोंपा, हालत गंभीर
मारपीट के दौरान रिहान शहा रौफ शहा (डोबीनगर निवासी) ने कथित तौर पर चाकू निकालकर फैजान खान के पेट पर वार कर दिया। हमले में फैजान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल फैजान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार
चाकूबाजी और मारपीट की घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नागपुर की ‘नाइट लाइफ’ पर फिर उठे सवाल
रात साढ़े तीन बजे शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने एक बार फिर नागपुर की नाइट लाइफ और उससे जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों के आसपास बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर नागरिकों में चिंता का माहौल है।

