सीताबर्डी में 50 से अधिक हरे पेड़ों की कटाई का आरोप, मनपा उद्यान विभाग को नहीं लगी भनक; थाने में शिकायत

सीताबर्डी: वेरायटी चौक के पास म्यूर अस्पताल परिसर में जेसीबी की मदद से 50 से अधिक हरे पेड़ों की कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 16 एकड़ क्षेत्र में मजबूत और हरे पेड़ों को काट दिया गया। स्थानीय नागरिकों की सूचना के बाद मनपा के वृक्ष विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों के अवशेषों का पंचनामा किया।

  • Save

जेसीबी से पेड़ काटने का आरोप

म्यूर अस्पताल परिसर की करीब 16 एकड़ जमीन को अस्पताल की ओर से एक स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से निजी बिल्डर को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। इसी क्षेत्र में कई आवासीय मकान भी हैं, जिनके मालिकों को जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे। स्थानीय नागरिक इसका विरोध कर रहे हैं।

  • Save

स्थानीय नागरिकों की सूचना पर पहुंचा मनपा विभाग

पेड़ कटाई की जानकारी मिलने के बाद पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ता सचिन खोब्रागड़े समेत अन्य लोगों ने मनपा उद्यान विभाग के उपायुक्त गणेश राठौड़ को सूचना दी। इसके बाद धरमपेठ जोन के वृक्ष अधिकारी विशाल जामदड़े मौके पर पहुंचे और कटे हुए पेड़ों के अवशेषों का पंचनामा किया।

पेड़ कटाई की अनुमति नहीं दिखाने का आरोप

पर्यावरण कार्यकर्ताओं सचिन खोब्रागड़े, प्राची माहुरकर और प्रीति पटेल ने पेड़ काटने की अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे। कार्यकर्ताओं के अनुसार, उन्हें अनुमति पत्र नहीं दिखाया गया। इसके बाद उन्होंने सीताबर्डी पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

  • Save

अवैध पेड़ कटाई पर उठे सवाल

शहर में अवैध पेड़ कटाई पर रोक लगाने के मनपा के दावों के बीच इस घटना ने सवाल खड़े किए हैं। शिकायत के आधार पर अब यह जांच का विषय है कि पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं और यदि अनुमति नहीं थी तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link