नागपुर, कार्यालय प्रतिनिधि।
ओल्ड कामठी थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हान नदी के पुल पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित एक निजी एंबुलेंस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा इलाजरत है।
मृतक की पहचान रमेशीलाल बलवणिया (45), निवासी हिंगना के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति राजकुमार रवि पाल (28), निवासी भवानीनगर बताया गया है। दोनों कन्हान के मालेगांव में काम करते थे। रमेशीलाल और उनका भतीजा राजकुमार सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे मोटरसाइकिल (एमएच-49-एएच-8640) से काम पर जा रहे थे।
इसी दौरान कन्हान नदी के पुल पर सामने से आ रही निजी एंबुलेंस (एमएच-30-एल-4973) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए कामठी उपजिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने दोनों को मेयो अस्पताल रेफर किया। वहां उपचार के दौरान रमेशीलाल की मौत हो गई।
पुलिस ने घायल राजकुमार की शिकायत पर एंबुलेंस चालक गणेश रामभाऊ उबरे (52), निवासी रामनगर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

