हुडकेश्वर में नमक के पैकेट से निकली सफेद रेत जैसी चीज, महालक्ष्मी पूजा के भोजन में मिला बारीक कंकड़; FDA करेगा जांच

नागपुर: हुडकेश्वर क्षेत्र के सावरबांधे ले-आउट में महालक्ष्मी पूजा के दौरान भोजन में बारीक कंकड़ और सफेद रेत जैसा पदार्थ मिलने का मामला सामने आया है। पूजा के लिए तैयार किए गए करीब 70 लोगों के भोजन में दाल, सब्जी और अन्य व्यंजनों में लगातार किरकिरापन महसूस होने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार के अनुसार, इसके बाद नमक के पैकेट की जांच करने पर उसमें सफेद बारीक रेत जैसी सामग्री बची हुई मिली।

  • Save

महालक्ष्मी पूजा के लिए तैयार हुआ था 70 लोगों का भोजन

सावरबांधे ले-आउट निवासी रजत द्रवेकर के घर 17 सितंबर को महालक्ष्मी पूजा के अवसर पर भोजन का आयोजन किया गया था। करीब 70 लोगों के लिए रसोइये के माध्यम से भोजन तैयार किया गया। इसके लिए किराना सामग्री इतवारी बाजार से खरीदी गई थी, जिसमें ‘गाय छाप’ नमक का पैकेट भी शामिल था।

दाल-सब्जी में मिलने लगे बारीक कंकड़

भोजन परोसे जाने के बाद लोगों ने दाल और सब्जी में बारीक कंकड़ जैसा पदार्थ महसूस किया। शुरुआत में परिवार को इसका कारण समझ नहीं आया। बाद में चटनी तैयार करने के दौरान उसमें भी किरकिरापन और असामान्य बनावट महसूस हुई, जिसके बाद नमक को लेकर संदेह गहराया।

पानी में डालने पर नमक घुला, सफेद पदार्थ रह गया

परिवार ने नमक के पैकेट को फाड़कर उसकी सामग्री को पानी में डालकर जांच की। उनके अनुसार, नमक पानी में घुल गया, लेकिन पैकेट में मौजूद सफेद, बारीक रेत जैसा पदार्थ नीचे बचा रहा। परिवार का कहना है कि रगड़ने के बावजूद यह पदार्थ आसानी से घुल नहीं रहा था।

खाद्य सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

  • Save

भोजन में कथित रूप से बाहरी पदार्थ मिलने की घटना के बाद खाद्य सुरक्षा और नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी व्यक्ति की तबीयत खराब होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

FDA ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन

मामले को लेकर अन्न व औषधि प्रशासन (FDA), नागपुर ने जांच का आश्वासन दिया है। सहायक आयुक्त (ग्रामीण) आर.आर. शाह के अनुसार, विभाग को अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा मामला सामने आया है तो इसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link