हनुमान मंदिर के पीछे चल रहा था जुए का अड्डा
नागपुर जिले के कन्हान शहर में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 35 हजार 50 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया। यह कार्रवाई 10 सितंबर की मध्यरात्रि में कन्हान के विवेकानंद नगर में की गई।
पुलिस को सूचना मिलते ही मारा छापा
कन्हान के विवेकानंद नगर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी की। जुआ खेलते हुए लोग दिखाई देने के बाद पुलिस ने अचानक छापा मारकर 15 आरोपियों को मौके से दबोच लिया।
आरोपियों में 19 से 48 वर्ष तक के लोग शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोशन उर्फ सोनू रामू यादव (36), चंकी राजेंद्र सहारे (29), आकाश गजानन जाधव (28), नितेश मुन्नालाल राठौड़ (30), सुधाकर अनवरसिंग खड़से (48), सचिन भिवाजी मारबते (45), विनोद रामभाऊ चामट (45), अजय भाऊराव पडघणे (29), विक्की पंजाब कोमटे (31), सौरभ पंजाब वासे (27), विशाल सूरज मेहता (33), आदित्य अनिल भरणे (34), प्रिंस देवशरण कश्यप (19), हर्ष उमाकांत निषाद (19) और संजय भुवन मुरचुडे (42) शामिल हैं।
98 हजार के मोबाइल और 37 हजार रुपये नकद जब्त
पुलिस ने पंचनामा करने के बाद आरोपियों के पास से 98 हजार रुपये कीमत के 8 मोबाइल फोन, 37 हजार रुपये नकद और जुआ खेलने का साहित्य जब्त किया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 1 लाख 35 हजार 50 रुपये बताई गई है।
महाराष्ट्र जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में कन्हान पुलिस ने महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की धारा 12 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।

