मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक 24 वर्षीय डॉक्टर छात्रा डॉ. स्तुति बजरंग सोनवणे की आत्महत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इस मामले में पुलिस को 6 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपने प्रेमी पर मानसिक उत्पीड़न और अपमानजनक व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 8 मार्च को मुंबई के अंटॉप हिल इलाके में हुई। स्तुति ने अपने घर के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने उनके कथित प्रेमी फैजुल मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
सुसाइड नोट में बयां किया दिल का दर्द
डॉ. स्तुति ने अपने आखिरी पत्र में अपने रिश्ते की शुरुआत से लेकर अंत तक की कई यादों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि उनकी और फैजुल की पहली मुलाकात दादर में हुई थी, जहां दोनों ने साथ समय बिताया और धीरे-धीरे उनका रिश्ता गहरा होता गया।
लेकिन समय के साथ रिश्ते में बदलाव आया और बार-बार अपमानजनक शब्दों और व्यवहार ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया। उन्होंने लिखा कि “तुम्हारे कई बार बोले गए बुरे शब्दों ने मेरे दिल पर गहरे घाव कर दिए।”
डेटिंग ऐप से हुई थी दोनों की मुलाकात
पुलिस जांच में सामने आया है कि स्तुति और फैजुल की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और दोनों करीब एक साल से रिश्ते में थे। शुरुआत में रिश्ता अच्छा था, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे।
बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर उनके चरित्र पर शक करता था और अपमानजनक बातें करता था, जिससे स्तुति गहरे मानसिक तनाव में चली गई थीं।
‘एक दिन फ्रिज में मिलेगी’ जैसी धमकियों का भी जिक्र
सुसाइड नोट में यह भी लिखा गया है कि स्तुति की कुछ सहेलियां मजाक में कहती थीं कि “एक दिन तुम फ्रिज में मिलोगी”, क्योंकि उनके रिश्ते को लेकर वे चिंतित थीं। यह टिप्पणी दिल्ली के चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड की याद दिलाती है।
इन बातों और लगातार हो रहे मानसिक दबाव ने उन्हें अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी प्रेमी को किया गिरफ्तार
इस मामले में अंटॉप हिल पुलिस ने स्तुति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फैजुल मोहम्मद खान (31) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से इंश्योरेंस ब्रोकर और लॉ ग्रेजुएट बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

