Iphone का शौक पड़ा भारी! बहू ने सास के 53 ग्राम सोने के गहने चुराकर बेचे, खरीदा महंगा आईफोन

नागपुर: महंगा आईफोन खरीदने का शौक एक बहू को इस कदर भारी पड़ा कि उसने अपनी ही सास के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। आरोप है कि बहू ने घर की अलमारी में सुरक्षित रखे 53 ग्राम सोने के गहने चोरी कर बेच दिए और उन पैसों से एप्पल कंपनी का आईफोन खरीद लिया। शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले से परिवार में हड़कंप मच गया है।

  • Save

इस मामले में सास राधा राजू वर्मा (52), निवासी प्रेमनगर, नयापुरा ने शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, आरोपी बहू की पहचान ग्रंथाली आकाश वर्मा (23), निवासी तेलंगखेड़ी के रूप में हुई है।

शिर्डी जाने की तैयारी के दौरान चोरी का खुलासा

जानकारी के अनुसार, राधा वर्मा शिर्डी दर्शन के लिए जाने वाली थीं। यात्रा के खर्च और अन्य जरूरतों के लिए उन्होंने घर की लोहे की अलमारी खोली। इस दौरान उन्हें अलमारी में रखे करीब 53 ग्राम सोने के गहने गायब मिले। जीवनभर संभालकर रखे गए गहने अचानक गायब होने से उन्हें बड़ा झटका लगा।

अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच चोरी होने का संदेह

  • Save

राधा वर्मा ने परिवार के सदस्यों से गहनों के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने आशंका जताई कि अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच गहनों की चोरी की गई।

बहू ग्रंथाली ने चोरी की बात कबूल की

पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बहू ग्रंथाली आकाश वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। खबर के अनुसार, आरोपी बहू ने 53 ग्राम सोने के गहने चोरी करने की बात कबूल की है।

सोने के गहनों की कीमत 8 लाख रुपये तक

पुलिस ने चोरी हुए गहनों की कीमत 2.50 लाख रुपये दर्ज की है। हालांकि, मौजूदा बाजार भाव के अनुसार इन गहनों की कीमत करीब 7.50 से 8 लाख रुपये होने का अनुमान बताया जा रहा है।

  • Save

शांतिनगर पुलिस कर रही मामले की जांच

इस घटना के बाद शांतिनगर पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link