नागपुर: घर में नाराजगी के चलते घर छोड़कर गई 17 वर्षीय किशोरी को नागपुर पुलिस की अपराध शाखा के मानव तस्करी विरोधी पथक ने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से खोज निकाला। किशोरी के 16 अक्टूबर को घर से लापता होने के बाद उसकी मां ने एमआईडीसी पुलिस थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने किशोरी को उसकी बड़ी मां के घर से बरामद कर आगे की कार्रवाई के लिए एमआईडीसी पुलिस के हवाले कर दिया है।
घर में नाराजगी के चलते छोड़ा था घर
जानकारी के अनुसार, किशोरी घर के कामों में मां की मदद करने को लेकर होने वाली नाराजगी से परेशान थी। इसी बात से नाराज होकर वह 16 अक्टूबर को घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर मां ने एमआईडीसी पुलिस थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी।
मध्य प्रदेश के बालाघाट में मिला सुराग
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा के अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक पथक को जानकारी मिली कि किशोरी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर तहसील अंतर्गत बोंदुदा गांव में अपनी बड़ी मां के घर पर रह रही है।
पुलिस ने किशोरी को लिया हिरासत में
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम बालाघाट पहुंची और किशोरी को वहां से अपने साथ लेकर नागपुर आई। पुलिस ने किशोरी और उसकी बड़ी मां को नागपुर लाकर आगे की कार्रवाई के लिए एमआईडीसी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

