नागपुर: शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग छात्र का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। यह घटना सीताबर्डी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित छात्र किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर सीताबर्डी पुलिस स्टेशन पहुंचा, जहां उसने पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय छात्र और आरोपी सलमान खान (28, जाफरनगर) व सैफी (18, सदर) आपस में परिचित थे। कुछ समय पहले सलमान ने छात्र से उसकी गर्लफ्रेंड से पहचान करवाने को कहा था, जिसके बाद छात्र ने दोनों की मुलाकात करवाई थी।
गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद बढ़ा मामला
करीब एक सप्ताह पहले सलमान का उस लड़की से विवाद हो गया, जिसके बाद वह छात्र से नाराज हो गया। इसी नाराजगी ने बाद में हिंसक रूप ले लिया।
कैसे किया गया अपहरण
घटना के दिन यानी 14 अप्रैल को छात्र अपनी गर्लफ्रेंड के हॉस्टल गया था। उसी दौरान सलमान ने उसे फोन कर उसकी लोकेशन पूछी। छात्र ने बताया कि वह एक कैफे में है, जिसके बाद सलमान अपने साथी सैफी के साथ वहां पहुंच गया।
दोनों आरोपियों ने छात्र को जबरन गाड़ी में बैठाया और मोमिनपुरा इलाके में ले गए।
कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई
मोमिनपुरा पहुंचने के बाद आरोपियों ने छात्र को एक कमरे में बंद कर दिया और पट्टे से बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने अपहरण और मारपीट के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की गहराई से जांच कर रही है।

