कावरापेठ इलाके में देर रात हुई सनसनीखेज वारदात
उमरेड में रविवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना कावरापेठ क्षेत्र स्थित नगर परिषद दुर्गापुर प्राथमिक स्कूल के पास रात करीब 10:30 बजे हुई।
बाइक से आए आरोपी ने किया हमला
जानकारी के अनुसार आरोपी बाइक से घटनास्थल पर पहुंचा और वाहन को पास में खड़ा कर मृतक राजकुमार पवार और उसके दोस्तों के पास गया। शुरुआत में बातचीत मजाकिया अंदाज में हुई, लेकिन अचानक विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने कमर में छिपाकर रखा चाकू निकाला और राजकुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राजकुमार पवार को तुरंत ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक और आरोपी की पहचान हुई
मृत युवक की पहचान राजकुमार मारोती पवार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और फिलहाल गंगापुर, उमरेड में रह रहे थे। पुलिस ने इस मामले में सोहेल उर्फ जॉनी शाहिद शेख (25) को गिरफ्तार कर लिया है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। वायरल वीडियो में आरोपी बाइक से आते, बहस करते और चाकू से हमला कर फरार होते दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक राजकुमार पवार और आरोपी के एक दोस्त के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते यह हत्या हुई। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
उमरेड पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और संभावित अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

