आयुष्यमान और होप अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत, लापरवाही का आरोप; शव रखकर प्रदर्शन

नागपुर: पंचशील टॉकीज के सामने बिग बाजार के पीछे स्थित आयुष्यमान अस्पताल और कामठी रोड स्थित होप अस्पताल में इलाज के दौरान विट्ठल तुकाराम साठे की मौत का मामला गरमा गया है। परिजनों ने दोनों अस्पतालों पर कथित चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है। रविवार को मेयो अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और शिवसेना (शिंदे) युवा सेना के कार्यकर्ताओं ने आयुष्यमान अस्पताल के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया।

  • Save

दोनों अस्पतालों के खिलाफ जांच और एफआईआर की मांग

युवा सेना ने दोनों अस्पतालों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा सेना के जिलाध्यक्ष शरद सरोदे ने किया।

आयुष्यमान से होप अस्पताल किया गया था रेफर

परिजनों के अनुसार, विट्ठल साठे के पैर में जख्म था, जिसके चलते उन्हें पहले आयुष्यमान अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उन्हें अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज होने की जानकारी दी गई थी। बाद में उन्हें कामठी रोड स्थित होप अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

  • Save

किडनी फेल होने से मौत की जानकारी देने का दावा

परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि किडनी फेल होने के कारण विट्ठल साठे की मौत हुई। हालांकि, परिजन अस्पताल में इलाज के दौरान कथित लापरवाही की जांच की मांग कर रहे हैं।

दो पुलिस थानों में दी गई शिकायत

मामले में सीताबर्डी और पांचपावली पुलिस थानों में लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों ने आयुष्यमान अस्पताल के व्यवस्थापक डॉ. मुरली और डॉ. रुबी की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोनों अस्पतालों के पंजीकरण, अनुमति और वैधानिक दस्तावेजों की जांच की मांग की गई है।

‘पूर्वाग्रह नहीं, निष्पक्ष जांच हो’

युवा सेना जिलाध्यक्ष शरद सरोदे ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी के प्रति पूर्वाग्रह रखना नहीं है। निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आनी चाहिए। संगठन ने मृतक के परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की भी मांग की है।

शिकायत के आधार पर जांच जारी

  • Save

पांचपावली थाने के थानेदार अनिरुद्ध पुरी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में शिवसेना के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मृतक के परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link