पीडब्ल्यूडी की जमीन पर चल रही अनधिकृत शराब दुकान का विरोध
खापरखेड़ा के अन्नामोड़ क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की जमीन पर संचालित अनधिकृत देशी शराब की दुकान को लेकर विवाद गहरा गया है। इस अवैध शराब दुकान को स्थायी रूप से बंद कराने की मांग को लेकर पूर्व उपसभापति राहुल तिवारी ने गांधी जयंती, 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया है।
अनशन के चौथे दिन प्रशासन ने की कार्रवाई
आंदोलन के चौथे दिन राजस्व और राज्य आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त पंचनामा किया। लंबे समय से संचालित इस शराब बिक्री केंद्र को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आंदोलन के दबाव में प्रशासन को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी।
आबकारी विभाग ने दुकान की जांच की
सोमवार को राज्य आबकारी विभाग के नागपुर ग्रामीण जिला अधीक्षक वैभव वैद्य ने शराब दुकान की जांच की। वहीं, राजस्व विभाग की टीम ने संबंधित जमीन का विस्तृत पंचनामा तैयार किया। शाम को तहसीलदार अक्षय पोयाम ने भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर राहुल तिवारी से चर्चा की।
पंचनामा रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी
तहसीलदार अक्षय पोयाम ने बताया कि तैयार की गई पंचनामा रिपोर्ट कठोर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी और आबकारी विभाग को भेजी गई है। प्रशासन की ओर से केटीपीएस और वेकोली प्रबंधन के साथ समन्वय कर इस विवाद का समाधान निकालने का आश्वासन भी दिया गया है।
सिर्फ स्थानांतरण नहीं, स्थायी कार्रवाई की मांग
आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रशासन केवल शराब दुकान को किसी दूसरी जगह स्थानांतरित करने का प्रयास न करे। उनकी स्पष्ट मांग है कि अनधिकृत शरा
ब बिक्री के खिलाफ स्थायी और कड़ी कार्रवाई की जाए तथा संबंधित दुकान को पूरी तरह बंद कराया जाए।

