सावनेर: विशेष सघन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद सावनेर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 49 की प्रारूप मतदाता सूची से 80,428 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। पुनरीक्षण से पहले क्षेत्र में 3 लाख 29 हजार 468 मतदाता दर्ज थे, जबकि अब प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 2 लाख 49 हजार 40 रह गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपने नाम की जांच करने और किसी प्रकार की आपत्ति होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने की अपील की है।
31 अगस्त की प्रारूप मतदाता सूची में नाम जरूर जांचें
प्रशासन के अनुसार 31 अगस्त 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में नागरिकों को अपना नाम जांचना चाहिए। मतदाता अपना नाम बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से भी सत्यापित करा सकते हैं। प्रशासन ने नागरिकों से समय रहते सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने की अपील की है।
‘नो मैपिंग’ और ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ वाले मतदाताओं को नोटिस
प्रारूप सूची में ‘नो मैपिंग’ और ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ श्रेणी में शामिल मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाताओं को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाणों के साथ सुनवाई में उपस्थित होना होगा।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों को भी मिलेगा मौका
1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। पात्र नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ नमूना 6 (Form 6) आवेदन अपने बीएलओ के पास जमा करने की अपील की गई है।
एसडीओ ने की नागरिकों से अपील
उपविभागीय अधिकारी कल्याणकुमार डहाट ने उपविभागीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में नागरिकों से मतदाता सूची की जांच करने की अपील की। इस दौरान सावनेर तहसीलदार अक्षय पोयाम और कळमेश्वर तहसीलदार विकास बिक्कड सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

