काका-पुतने के विवाद में हुई चाकूबाजी
पंचशीलनगर में शनिवार सुबह काका-पुतने के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। काका को पुतने से बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी युवक ने पुतने के हाथ से चाकू छीनकर उसी चाकू से उस पर पांच वार कर दिए। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गणेश घोडमारे ने काका से की मारपीट
घायल युवक की पहचान गणेश उमेश घोडमारे (22) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह उसका अपने काका रोशन घोडमारे (36) से विवाद हुआ। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गणेश ने काका के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे ऋषी रामटेके
काका को मार खाते देखकर पड़ोसी ऋषी शैलेश रामटेके (36) बीच-बचाव करने पहुंचा। उसने गणेश से काका को मारने का कारण पूछा। इसी बात को लेकर गणेश और ऋषी के बीच भी विवाद शुरू हो गया।
चाकू लेकर पहुंचा गणेश, फिर उसी हथियार से हुआ हमला
विवाद बढ़ने के बाद गणेश घर के अंदर गया और चाकू लेकर बाहर आया। उसने ऋषी पर हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान ऋषी ने उसके हाथ से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से गणेश पर पांच वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल गणेश जमीन पर गिर पड़ा।
मेयो अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना की जानकारी मिलते ही पाचपावली पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। घायल गणेश को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
आरोपी ऋषी रामटेके गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर ऋषी शैलेश रामटेके के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच पाचपावली पुलिस कर रही है।

