मौदा: कामठी तहसील के गुमथला शिवार स्थित कंपनी परिसर से 9 टन लोहे की कॉइल चोरी करने के मामले में वडोदा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की कॉइल और वारदात में इस्तेमाल ट्रक समेत ₹43.10 लाख का माल जब्त किया है। चोरी की घटना 5 सितंबर की मध्यरात्रि हुई थी।
कंपनी से ₹8.10 लाख की कॉइल चोरी
गुमथला शिवार में महेश प्रद्युम्न गोयंका (56) की पैरामाउंट कंपनी है, जहां लोहे की चादरें तैयार की जाती हैं। इसके लिए बाहर से गोलाकार रूप में लोहे की कॉइल मंगाई जाती हैं। आरोपियों ने कंपनी परिसर से 9 टन वजन की चार कॉइल, जिसकी कीमत करीब ₹8.10 लाख थी, चोरी कर ली थीं।
भूषण और शुभम गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान भूषण गोविंद बुर्रेवार (45), निवासी बढ़ईपुरा, कामठी और शुभम दत्तू चिखलकर (29), निवासी सोनेगांव, कामठी को कामठी शहर से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर चोरी की बात स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
सुरक्षारक्षक से मिली अहम जानकारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के सुरक्षारक्षक आकाश सुधाकर धुलसे (26) से पूछताछ की। उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में वडोदा पुलिस ने BNS की धारा 305(अ) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
चोरी की कॉइल नागपुर में बेच दी थी
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चोरी की गई लोहे की कॉइल उन्होंने सैसाद समसाद शाह (33), निवासी उप्पलवाड़ी, कलमना-कामठी रोड, नागपुर को बेची थी। पुलिस ने उसके दुकान से चोरी की पूरी कॉइल बरामद कर ली।
ट्रक समेत ₹43.10 लाख का माल जब्त
वडोदा पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹35 लाख कीमत का MH-40/AK-1354 नंबर का ट्रक और ₹8.10 लाख कीमत की 9 टन लोहे की कॉइल बरामद की। इस तरह कुल ₹43.10 लाख का मुद्देमाल जब्त किया गया है।
वडोदा पुलिस की कार्रवाई
यह कार्रवाई थानेदार मनोज गदादे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक महेश बोथले, हवलदार प्रणयसिंह बनाफर, दीपक दरोड़े, अतुल निंबार्ते, नितिन सार्वे और विकास वाटकर की टीम ने की।

