ट्रेन में हुई दोस्ती बनी 26.89 लाख की ठगी का जाल, क्रिप्टो निवेश के नाम पर व्यवसायी से साइबर फ्रॉड

नागपुर: क्रिप्टोकरेंसी में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक 65 वर्षीय व्यवसायी से 26.89 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले ट्रेन यात्रा के दौरान पीड़ित से दोस्ती की और फिर ऑनलाइन निवेश के नाम पर लाखों रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। मामले में साइबर पुलिस ने महावीर शर्मा और सूरज गुप्ता उर्फ चार्ली के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

  • Save

ट्रेन में हुई पहचान, फिर विश्वास जीतकर बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार, जनता चौक निवासी 65 वर्षीय व्यवसायी बैटरी कारोबार से जुड़े हैं। 18 अगस्त 2025 को ट्रेन यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात महावीर शर्मा से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को पुराना परिचित बताते हुए उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर कम समय में बड़ा मुनाफा कमाने का दावा किया और एक वेबसाइट का लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन करवा दिया।

दोगुना मुनाफे का लालच देकर 26.89 लाख रुपये ऐंठे

  • Save

कुछ दिनों बाद सूरज गुप्ता उर्फ चार्ली ने पीड़ित से संपर्क किया और निवेश की राशि दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। आरोपियों के झांसे में आकर व्यवसायी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 26.89 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में जमा कर दिए।

पैसे निकालने पहुंचे तो मांगा 10% ‘सर्विस टैक्स’

जब व्यवसायी ने अपनी निवेश राशि निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने 10 प्रतिशत सर्विस टैक्स के नाम पर 3.10 लाख रुपये और जमा करने की मांग की। इसी दौरान पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।

साइबर पुलिस ने दर्ज किया मामला

  • Save

पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने महावीर शर्मा और सूरज गुप्ता उर्फ चार्ली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और बैंक खातों सहित पूरे लेनदेन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link