नागपुर के भिवसनखोरी इलाके में देर रात मचा हड़कंप
नागपुर के भिवसनखोरी परिसर में युवकों के दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष से इलाके में सनसनी फैल गई। इस दौरान 7 से 8 युवकों ने मिलकर दो युवकों पर चाकू, कुल्हाड़ी और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना गिट्टीखदान पुलिस थाना क्षेत्र में हुई।
फोन आने के बाद दोस्तों के साथ पहुंचा था युवक
घटना सोमवार रात करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता सोहेल तौफिक शेख (21), निवासी जगदीश नगर, काटोल रोड, को उसके दोस्त विक्की उईके का फोन आया था। विक्की ने कुछ युवकों के साथ विवाद होने की जानकारी दी और मौके पर बुलाया।
फोन मिलने के बाद सोहेल अपने कुछ दोस्तों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। लेकिन वहां मौजूद युवकों को गलतफहमी हो गई कि यह लोग हमला करने आए हैं।
अचानक शुरू हुआ जानलेवा हमला
इसके बाद 7 से 8 युवकों के समूह ने अचानक लाठियों, चाकुओं और कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। आरोपियों में शामिल एक लंबे युवक ने सोहेल के पेट पर चाकू से वार करने की कोशिश की। सोहेल ने बचाव में हाथ आगे कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई।
हमलावरों ने उसके सिर पर भी लाठियों से वार किए।
दूसरे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार
हमले के दौरान सोहेल के दोस्त जान बचाकर भागने लगे। इसी बीच आरोपियों ने क्रशिश टेकचंद रहांगडाले नामक युवक को घेर लिया और उस पर चाकू से कई वार किए।
युवक के पेट, छाती और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समीर मेंढे और साथियों पर मामला दर्ज
सोहेल शेख की शिकायत के आधार पर गिट्टीखदान पुलिस ने समीर मेंढे और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

