कुही: नरबलि और अंधविश्वास से जुड़ी अघोरी प्रथाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुही पुलिस ने श्मशानभूमि में कथित रूप से जादू-टोना करने के आरोपी रामनरेश नथ्यू विश्वकर्मा (58) को गिरफ्तार किया है। आरोपी नागपुर के भिलगांव का निवासी है।
श्मशानभूमि में मिली पीली कपड़े की गुड़िया
जानकारी के अनुसार, सालवा निवासी प्रशांत चाचेकर के पिता के अंतिम संस्कार के बाद 25 अगस्त को श्मशानभूमि में राख के पास पीले कपड़े की गुड़िया, नींबू, कौड़ियां, धागा और बोतल में तरल पदार्थ मिला था। इसके अलावा चाचेकर के घर के आसपास भी कटे हुए नींबू रखे पाए गए थे।
जादू-टोना विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज
घटना के बाद कुही पुलिस ने शिकायत के आधार पर जादू-टोना विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की।
भिलगांव से आरोपी को दबोचा
पुलिस ने 2 सितंबर को रामनरेश विश्वकर्मा को भिलगांव से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपराध कबूल करने की जानकारी पुलिस ने दी है।
3 सितंबर तक पुलिस हिरासत
आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद अदालत ने उसे 3 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

