खेल-खेल में बच्चों का विवाद बड़ों तक पहुंचा
नागपुर में बच्चों के बीच खेल-खेल में हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बच्चे को थप्पड़ मारने का कारण पूछने पहुंचे परिवार के लोगों पर कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल 36 वर्षीय शहबाज इसाक शेख की मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बच्चे को थप्पड़ मारने पर हुआ विवाद
मृतक शहबाज मानवशक्त नगर निवासी था और बेकरी मशीन बनाने का काम करता था। उसकी बहन गुलनाज अफरीन इमरान खान (33) एकता नगर में परिवार के साथ रहती है। सोमवार को गुलनाज के बच्चे और पड़ोस में रहने वाले रूबीना अंसारी के बच्चों के बीच खेलते समय विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान इमरान अंसारी और उसकी पत्नी रूबीना अंसारी ने गुलनाज के बच्चे को थप्पड़ मार दिया। इस बात का कारण पूछने के लिए गुलनाज अपने पति और भाई शहबाज के साथ अंसारी के घर पहुंची।
रास्ते में घेरकर किया हमला
घर पर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद गुलनाज, उसका पति और शहबाज वहां से वापस लौटने लगे। आरोप है कि इसी दौरान इमरान अंसारी, रूबीना अंसारी और वाहीद अंसारी ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला किया। मारपीट के दौरान तीनों के कपड़े भी फाड़ दिए गए। हमले में शहबाज के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
गंभीर हालत में परिजन शहबाज को तत्काल मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, बुधवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शहबाज परिवार में इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हत्या के मामले में बदला प्रकरण, तीन गिरफ्तार
गुलनाज की शिकायत के आधार पर वाठोडा पुलिस ने शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। शहबाज की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण को हत्या की धारा में परिवर्तित कर दिया।
पुलिस ने मामले में इमरान अंसारी (40), रूबीना अंसारी (38) और वाहीद अंसारी (35) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को बुधवार दोपहर अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 26 सितंबर तक पुलिस हिरासत (पीसीआर) में भेज दिया।

