टेका नाका क्षेत्र स्थित एक सर्विस सेंटर में नौकरी से निकाले जाने के गुस्से में आग लगाने की घटना शुक्रवार तड़के सामने आई। आग में सर्विस सेंटर में खड़े 20 से 22 दोपहिया वाहन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और वाहन मालिकों में रोष व्याप्त है।
नौकरी से निकाले जाने के बाद था नाराज
आरोपी की पहचान राजू महिंद्रकर के रूप में हुई है। वह संबंधित सर्विस सेंटर में काम करता था। पुलिस के अनुसार, राजू अक्सर शराब के नशे में काम पर आता था। इसे लेकर संचालक ने उसे कई बार समझाया, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद करीब दो महीने पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया।
शराब छोड़ने के बाद वापस बुलाने की बात
सर्विस सेंटर संचालक ने राजू से कहा था कि शराब छोड़ने के बाद ही उसे दोबारा काम पर रखा जाएगा। इसी बात को लेकर वह नाराज था और उसके मन में बदला लेने की भावना थी।
तड़के तीन बजे सर्विस सेंटर पहुंचा
शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे राजू सर्विस सेंटर पहुंचा। आसपास किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर उसने एक दोपहिया वाहन में आग लगा दी। वाहनों में पेट्रोल होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते 20 से 22 दोपहिया वाहन आग की चपेट में आ गए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही कपिलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और राजू महिंद्रकर की तलाश जारी है।

