नागपुर :
सीएम ऑफिस के नाम पर धमकी देकर दबाव बनाने वाले एक आरोपी को बजाज नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि, आरोपी की तबीयत बिगड़ने के कारण उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रामदासपेठ निवासी विजय तलवारे की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी ने एक लॉन संचालक पर कार्यक्रम का किराया न लेने के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से सीएम ऑफिस का नाम लेते हुए धमकी दी। बातचीत के दौरान बात नहीं बनने पर उसने तलवारे को धमकाना शुरू कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तलवारे ने तत्काल सीएम ऑफिस से संपर्क किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सीएम ऑफिस का कोई भी कर्मचारी इस मामले से संबंधित नहीं है। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और मामले की जांच शुरू की गई।
बुधवार को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। जांच के दौरान आरोपी ने तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होते ही पुलिस उसे दोबारा हिरासत में लेगी।

