भांडेवाड़ी के चांदमारी माता नगर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प
नागपुर के भांडेवाड़ी स्थित चांदमारी माता नगर में खिड़की से झांककर देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दो लोगों ने मिलकर चार भाइयों पर धारदार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या करने का प्रयास किया। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद फिरोज हसनैन मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके भाई की तलाश जारी है।
हमले में चार भाई घायल, दो की हालत नाजुक
इस हमले में ताज मोहम्मद इस्माइल कुरैशी, नूर मोहम्मद इस्माइल कुरैशी, कलाम मोहम्मद इस्माइल कुरैशी और रईस मोहम्मद इस्माइल कुरैशी घायल हो गए। चारों को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो भाइयों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
महिला को खिड़की से झांककर देखने पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस्माइल कुरैशी की भाभी रहमत निशा अपनी बेटी को ट्यूशन से घर लेकर लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान बस्ती में रहने वाले मोहम्मद फिरोज हसनैन मंसूरी ने उन्हें खिड़की से झांककर देखा।
रहमत निशा ने घर पहुंचकर इस बारे में परिजनों को बताया। इसके बाद इस्माइल और नूर आरोपी से पूछताछ करने पहुंचे कि उसने महिला को इस तरह क्यों देखा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
हथियारों से हमला कर हत्या की कोशिश का आरोप
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर हथियारों से चारों भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में सभी चार भाई घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भाई की तलाश जारी
भांडेवाड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी मोहम्मद फिरोज हसनैन मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया। घटना में शामिल उसके भाई की तलाश की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज है मारपीट का मामला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी फिरोज मंसूरी के खिलाफ नंदनवन पुलिस थाने में पहले भी मारपीट का मामला दर्ज है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

