तड़के झोपड़पट्टी में भीषण आग: चार घरों का सामान जलकर खाक, सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी; अग्निशमन दल ने टाली जनहानि

वायुसेना नगर की दीवार से सटी झोपड़पट्टी में लगी आग

नागपुर के हजारीपहाड़ क्षेत्र में वायुसेना नगर की दीवार से सटी झोपड़पट्टी में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से चार घरों की घरेलू सामग्री, दो दोपहिया वाहन और कई सिलेंडर जल गए। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

  • Save

अगरबत्ती से कपड़ों में लगी आग, देखते ही देखते फैली

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, भावेश पाटील के घर में अगरबत्ती से कपड़ों में आग लगी। इसके बाद आग तेजी से फैलते हुए पास खड़ी एक्टिवा और दूसरी दोपहिया वाहन तक पहुंच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

सिलेंडर फटने से बढ़ी आग की तीव्रता

आग ज्योतिष होले के घर तक पहुंचने के बाद वहां रखा सिलेंडर फट गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। इसके बाद मेघा खोब्रागड़े के घर की रसोई में रखे दो सिलेंडर भी फट गए। इससे आसपास के अन्य घर भी आग की चपेट में आ गए।

चार घरों का सामान पूरी तरह जलकर खाक

भीषण आग में भावेश पाटील, ज्योतिष होले, मेघा खोब्रागड़े और धावनलाल भोयर के घरों में रखा टीवी, फ्रिज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। दो दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।

अग्निशमन दल ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित निकाला

  • Save

आग लगने की सूचना परिसर के ओमप्रकाश जायसवाल ने अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही सिविल और त्रिमूर्तिनगर अग्निशमन केंद्र से दल मौके पर पहुंचा। अग्निशमन कर्मियों ने सबसे पहले घरों में फंसे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और इसके बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।

समय रहते कार्रवाई से टली बड़ी जनहानि

तड़के आग लगने के कारण अधिकांश लोग नींद में थे, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका थी। हालांकि, अग्निशमन दल की तत्परता से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और बड़ी जनहानि होने से बच गई। हादसे के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link