नागपुर: वर्धा मार्ग से नागपुर की ओर आ रहे तीन पहिया मालवाहक वाहन को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मालवाहक वाहन चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नंदूलाल कवडूलाल जायसवाल (60, निवासी साई कॉलोनी, शांतिनगर) के रूप में हुई है।
सामान पहुंचाने के बाद नागपुर लौट रहे थे नंदूलाल
नंदूलाल जायसवाल बुधवार को एमएच 49-आर 2546 क्रमांक के तीन पहिया मालवाहक वाहन से कुछ सामान पहुंचाने के लिए बुटीबोरी गए थे। काम पूरा करने के बाद रात करीब 10.40 बजे वे वर्धा मार्ग से नागपुर लौट रहे थे।
बाहरी मार्ग के कटिंग के पास हुई टक्कर
नागपुर-जबलपुर बाहरी मार्ग के कटिंग के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने नंदूलाल के मालवाहक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मालवाहक वाहन पलट गया और नंदूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद वाहन चालक फरार
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मार्ग से गुजर रहे नागरिकों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नंदूलाल को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नागपुर में भर्ती कराया।
उपचार के दौरान नंदूलाल की मौत
अस्पताल में चिकित्सकों ने नंदूलाल का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

