नागपुर: कळमना थाना क्षेत्र के चिखली फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन की टक्कर में 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान रूपश्री प्रेमराज पटले (21) के रूप में हुई है। वह दिघोरी स्थित एक अस्पताल में परिचारिका (नर्स) के तौर पर कार्यरत थी।
काम पर जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
रूपश्री पटले मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने घर से दोपहिया वाहन पर सवार होकर अस्पताल में ड्यूटी के लिए निकली थी। चिखली फ्लाईओवर से गुजरते समय एक अज्ञात वाहन चालक ने कथित तौर पर लापरवाही से उसकी दोपहिया को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक फरार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रूपश्री गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मेयो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
गंभीर रूप से घायल रूपश्री को तत्काल उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
कळमना पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद कळमना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस फ्लाईओवर और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

