अजनी ब्रिज निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, पहले कैरिजवे पर हाई-टेंसाइल केबल की 6 जोड़ियां स्थापित

नागपुर: 332 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नए अजनी ब्रिज का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। ब्रिज के पहले कैरिजवे पर हाई-टेंसाइल केबल की छह जोड़ियां स्थापित कर दी गई हैं। इसके साथ ही ब्रिज का विशिष्ट केबल-स्टेड स्वरूप अब स्पष्ट रूप से नजर आने लगा है।

  • Save

125 साल पुराने अजनी रेलवे ओवरब्रिज की जगह बनेगा नया पुल

नया पुल मौजूदा 125 वर्ष पुराने अजनी रेलवे ओवरब्रिज के स्थान पर बनाया जा रहा है। छह लेन वाला यह ब्रिज दक्षिण नागपुर को शहर के मध्य हिस्सों से जोड़ेगा। परियोजना का निर्माण महाराष्ट्र रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MRIDC) यानी महारेइल द्वारा किया जा रहा है।

‘लक्ष्मण झूला’ जैसा दिखेगा नया अजनी ब्रिज

  • Save

एमआरआईडीसी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार जायसवाल की निगरानी में बन रहा यह पुल असममित केबल-स्टेड ब्रिज होगा। रेलवे स्टेशन के पास बने रामझूला की तर्ज पर निर्माण होने के कारण इसकी संरचना ‘लक्ष्मण झूला’ जैसी दिखाई देगी।

24 जोड़ी केबल संभालेंगी पुल का भार

ब्रिज के केबल-स्टेड हिस्से की लंबाई 220 मीटर है, जिसे 120 मीटर और 100 मीटर के दो हिस्सों में बांटा गया है। निर्माण पूरा होने पर पुल को हाई-टेंसाइल केबल की कुल 24 जोड़ियां सहारा देंगी। ये केबल ब्रिज के डेक का भार संभालेंगी।

डेक को चरणबद्ध तरीके से दिया जा रहा है सहारा

निर्माण के दौरान प्रत्येक केबल को क्रमशः स्थापित किया जा रहा है, ताकि ब्रिज के डेक को चरणबद्ध तरीके से मजबूती और सहारा मिलता रहे। छह जोड़ियां स्थापित होने के साथ परियोजना ने निर्माण के एक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link