नागपुर: आवश्यक लाइसेंस और अनुमति के बिना दवाओं की खरीद-बिक्री करने तथा फर्जी लेबल और पैकेजिंग के जरिए दवाओं को विदेश भेजने के आरोप में प्रतापनगर पुलिस ने ऑनलाइन दवा कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की शिकायत पर की गई।
मेडिसीन.इन के मालिक समेत दो आरोपी
एफडीए की नागपुर स्थित औषधि निरीक्षक स्वाती सुधाकर भारदे (49) की शिकायत पर पुलिस ने मेडिसीन.इन के मालिक हरवंश रणवीर सिंह और कर्मचारी यश सुनील उईक समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बिना लाइसेंस दवाओं की खरीद-बिक्री का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आवश्यक औषधि निर्माण या बिक्री लाइसेंस के बिना कुछ दवाओं और क्लिनिकल ट्रायल से संबंधित पदार्थों की खरीद-बिक्री की। आरोप है कि इनकी खरीद-बिक्री बिना बिल के की गई।
फर्जी लेबल लगाकर विदेश भेजने का आरोप
जांच के दौरान कथित तौर पर फर्जी लेबल और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर दवाओं को विदेश भेजने की जानकारी सामने आई। एफडीए ने आरोप लगाया है कि इस तरह की गतिविधियों से ग्राहकों और शासन को गुमराह किया गया।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
प्रतापनगर पुलिस ने धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सामूहिक उद्देश्य से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त दवाओं और पदार्थों के स्रोत, कथित विदेशी निर्यात तथा इसमें शामिल कंपनियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

