काटोल: आगामी जन्माष्टमी, पोला, गणेशोत्सव और नवरात्रोत्सव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए काटोल उपविभाग पुलिस ने अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। काटोल, नरखेड़ और जलालखेड़ा थाना क्षेत्रों के कुल 59 अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी कानून के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
51 लोगों से लिया अंतिम बंधपत्र
कार्रवाई के तहत काटोल पुलिस थाने के 29, नरखेड़ के 12 और जलालखेड़ा पुलिस थाने के 10, यानी कुल 51 लोगों से अंतिम बंधपत्र लिया गया। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर उपविभागीय अधिकारी कार्यालय में उपस्थित कराया गया।
8 लोगों से 50 हजार रुपये का अंतरिम बंधपत्र
इसके अलावा 8 लोगों से प्रत्येक से 50 हजार रुपये का अंतरिम बंधपत्र लिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि इनमें से किसी व्यक्ति को दोबारा अवैध शराब बेचते हुए पाया गया, तो बंधपत्र के अनुसार 50 हजार रुपये तक की दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से कार्रवाई
यह कार्रवाई उपविभागीय पुलिस अधिकारी पराग पोटे तथा उपविभागीय दंडाधिकारी एवं उपविभागीय अधिकारी पीयूष चिवंडे के संयुक्त प्रयास से की गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रणजीत शिरसाठ, सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद जांभळे और सहायक पुलिस निरीक्षक मोकाशे ने सहयोग किया।

