नागपुर: रेशिमबाग मैदान में रविवार सुबह महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा ने इतिहास रच दिया। 4100 युवाओं और कलाकारों ने एक साथ ढोल-ताशा बजाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। यह उपलब्धि इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज की गई। ‘मंथन फॉर युवा’ पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम में 25 हजार से अधिक युवा शामिल हुए।
585 ध्वजवाहकों की सहभागिता से बनी रिकॉर्ड प्रस्तुति
पारंपरिक परिधान में सजे युवा कलाकारों ने हाथों में ध्वज लेकर ढोल-ताशों की थाप पर प्रस्तुति दी। इस आयोजन में 585 पंजीकृत ध्वजवाहकों ने भी हिस्सा लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 260 ध्वजवाहकों के नाम था।
महाराष्ट्र की संस्कृति की दिखी झलक
ढोल-ताशों की गूंज और पारंपरिक वेशभूषा ने पूरे रेशिमबाग मैदान को महाराष्ट्र की संस्कृति के रंग में रंग दिया। युवाओं ने शिक्षा, खेल, कौशल विकास और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में अपने विचार, प्रतिभा और भविष्य के सपनों को भी मंच से साझा किया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूरी टीम को बधाई दी। ‘मंथन फॉर युवा’ अभियान के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने Gen Z, Gen Alpha और युवाओं के साथ संवाद भी किया।
यूथ आइकॉन का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले युवा प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा, ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख, पैरा-एथलीट दिलीप गावित, जेनेरिक आधार के सीईओ अर्जुन देशपांडे और जो जीरो के सीईओ किरण शाह शामिल रहे।
नशामुक्त महाराष्ट्र का युवाओं ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में नशामुक्त महाराष्ट्र का संदेश भी दिया गया। आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने हजारों युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, नशे के सेवन और बिक्री को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे तथा नशामुक्त युवा पीढ़ी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

