नागपुर: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने नागपुर में जोरदार वापसी की है। सूखे बीते जून महीने के बाद जुलाई के पहले ही दिन तेज बारिश ने शहर को पूरी तरह भिगो दिया। दिनभर रिमझिम बारिश के बाद रात में हुई मूसलधार बरसात ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी सामने आई।
बारिश का जोर, 62.2 मिमी वर्षा दर्ज
बुधवार रात करीब 8:30 बजे अचानक बारिश ने तेज रफ्तार पकड़ ली और लगभग एक घंटे तक गर्जना के साथ तेज बारिश हुई। रात 11:30 बजे तक शहर में 62.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे नागरिकों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई।
कई इलाकों में जलभराव से बढ़ी परेशानी
तेज बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। खासकर सदर, मनीष नगर, लोहापुल और मंगलवारी बाजार क्षेत्रों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तापमान में गिरावट, उमस से राहत
दिनभर बादलों की मौजूदगी और हल्की बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। रात की तेज बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ी और उमस से भी काफी राहत मिली।

