पीएम मोदी की अपील पर बोले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
नागपुर : प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा पेट्रोल, डीजल और गैस के सीमित उपयोग की अपील के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis ने भी नागरिकों से जिम्मेदारी के साथ ईंधन उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री की सलाह बेहद महत्वपूर्ण और समय की जरूरत है।
पश्चिम एशिया युद्ध का असर दुनिया भर में
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान से जुड़े पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण दुनिया भर में तेल और गैस संकट गहराता जा रहा है। कई देशों में ईंधन की भारी कमी और कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत करीब 450 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुकी है।
भारत में फिलहाल पर्याप्त ईंधन उपलब्ध
फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों के कारण भारत में फिलहाल पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त आपूर्ति बनी हुई है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोग हालात को गंभीरता से नहीं समझेंगे और जरूरत से ज्यादा ईंधन का उपयोग करेंगे, तो भविष्य में कठिन परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं।
विदेशी मुद्रा बचाने पर भी दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में नागरिकों से अपील की थी कि पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग केवल जरूरत के अनुसार करें। उन्होंने कहा था कि इससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि युद्ध के कारण अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर को भी कम किया जा सकेगा।
सोलर ऊर्जा और वैकल्पिक ईंधन अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सोलर एनर्जी, एथेनॉल ब्लेंडिंग और सीएनजी जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को तेजी से अपनाने की भी अपील की। उनका कहना है कि इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और आयातित तेल पर निर्भरता कम होगी।
विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री की अपील के बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है। हालांकि फिलहाल देश के प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

