मुंबई : मुंबई के मीरा रोड इलाके में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। शुरुआती जांच में इस हमले को कट्टरपंथी सोच से प्रेरित ‘लोन-वुल्फ’ अटैक माना जा रहा है। मामले की जांच अब एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) को सौंप दी गई है और आरोपी के संभावित कट्टरपंथी कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं।
पहाटे सिक्योरिटी गार्ड्स पर जानलेवा हमला
सोमवार तड़के करीब 4 बजे नया नगर स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में तैनात दो सिक्योरिटी गार्ड्स राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन पर हमला किया गया। आरोपी ने अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इनमें से एक गार्ड की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
धर्म पूछकर बनाया निशाना
मुंबई पुलिस के अनुसार, आरोपी जैब जुबैर अंसारी ने बेहद सुनियोजित तरीके से पीड़ितों को निशाना बनाया। आरोपी ने पहले दोनों गार्ड्स से बातचीत की, उनके नाम पूछे और फिर उनका धर्म जानने की कोशिश की। इसके बाद उनसे ‘कलमा’ पढ़ने को कहा गया। जब दोनों कलमा नहीं पढ़ सके, तब आरोपी ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया।
ATS को सौंपा गया मामला
जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी की कार्यप्रणाली साफ तौर पर धार्मिक पहचान के आधार पर हमला करने की ओर इशारा करती है। इसी वजह से मामले की जांच अब ATS को सौंप दी गई है। पुलिस आरोपी के मोबाइल, ऑनलाइन गतिविधियों और संपर्कों की गहन जांच कर रही है।
पाकिस्तान से मुंबई रेलवे को धमकी
इसी बीच मुंबई में एक और बड़ा सुरक्षा खतरा सामने आया है। मुंबई रेलवे पुलिस कंट्रोल रूम को मंगलवार तड़के एक पाकिस्तानी नंबर से धमकी भरा कॉल मिला। कॉल करने वाले ने खुद को ‘इरफान’ बताते हुए रेलवे स्टेशनों और एक कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी।
आरोपी ने किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचाने के बदले 5 करोड़ रुपये की मांग की। घटना के बाद मुंबई के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
‘जिहाद के नाम पर हिंदुओं को निशाना’ – सीएम फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आरोपी कथित तौर पर ‘सेल्फ रेडिकलाइजेशन’ का शिकार हुआ है। उसके घर से कुछ आपत्तिजनक साहित्य और किताबें बरामद की गई हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, आरोपी हिंदुओं को निशाना बनाने की मानसिकता से प्रभावित था। आरोपी जैब जुबैर अंसारी विज्ञान का ग्रेजुएट है और कई वर्षों तक अमेरिका में रह चुका है। नौकरी न मिलने के कारण वह साल 2020 में भारत लौट आया था और मीरा रोड में रहकर ऑनलाइन केमिस्ट्री कोचिंग देता था।

