घरफोड़ में 84 तोला सोना मिला तो चोरों ने खरीदे प्लॉट-फ्लैट, पांच महीने तक उड़ाई मौज; पुलिस ने दबोचा

नागपुर : घरफोड़ की वारदात में 84 तोला सोना और करीब पौने दो लाख रुपये नकद हाथ लगने के बाद चोरों ने जमकर ऐश की। चोरी के माल का हिस्सा मिलने के बाद किसी ने प्लॉट खरीदा, तो किसी ने फ्लैट खरीद लिया। कुछ आरोपियों ने महंगी और विलासिता की वस्तुएं खरीदीं तथा चोरी के पैसों से घूमने-फिरने में भी रकम खर्च की। हालांकि करीब पांच महीने तक ऐश करने के बाद आखिरकार पुलिस ने पूरी टोली को पकड़ लिया।

  • Save

सेवानिवृत्त अधिकारी के बंद मकान को बनाया निशाना

मामला कपिलनगर थाना क्षेत्र का है। केंद्र सरकार से सेवानिवृत्त महेश मोटवानी के मकान पर लंबे समय से ताला लगा होने की जानकारी मिलने के बाद पांच आरोपियों की टोली ने 3 मार्च से 1 अप्रैल के बीच घरफोड़ की वारदात को अंजाम दिया।

84 तोला सोना और नकदी चोरी

आरोपियों ने मकान से 84 तोला सोना, जिसकी वर्तमान कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई गई है, और पौने दो लाख रुपये नकद चोरी किए। आपस में हिस्सा बांटने के बाद प्रत्येक आरोपी के हिस्से में 25 लाख रुपये से अधिक की रकम आई।

  • Save

चोरी के पैसों से खरीदे प्लॉट और फ्लैट

चोरी के बाद कई महीनों तक पुलिस का सुराग नहीं मिलने से आरोपी बेफिक्र हो गए। जांच में सामने आया कि संगीता राहुल करवाड़े और उसके बेटे किशोर ने प्लॉट खरीदा, जबकि फरदीन राजीक शेख ने फ्लैट खरीदा। अन्य आरोपियों ने भी चोरी की रकम से महंगी वस्तुएं खरीदीं और घूमने-फिरने में पैसा खर्च किया।

अचानक बदली जीवनशैली से मिला पुलिस को सुराग

जांच के दौरान पुलिस के सामने यह बात आई कि कुछ लोग अचानक महंगी वस्तुओं की खरीदारी करने लगे हैं। कुछ समय पहले तक सामान्य जीवन जीने वाले आरोपियों के पास अचानक बड़ी रकम आने की जानकारी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई। इसके बाद अपराध शाखा की यूनिट क्रमांक 6 ने जांच तेज कर दी।

पांच आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

  • Save

जांच के बाद पुलिस ने संगीता राहुल करवाड़े, उसके बेटे किशोर, आर्यन राधेश्याम मेश्राम, संतोष शंकरलाल धनगरे और फरदीन राजीक शेख को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से चोरी का सोना, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पांच महीने की ऐश के बाद पहुंच गए जेल

आरोपियों ने चोरी की रकम से करीब पांच महीने तक ऐशोआराम किया, लेकिन पुलिस की जांच के बाद उनका यह दौर समाप्त हो गया। महिला आरोपी को छोड़कर अन्य आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

  • Save

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link