नागपुर : अंबाझरी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक करीब 20 वर्षीय युवक के टावर के शीर्ष पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। घरेलू विवाद और सामान चोरी होने के कारण युवक कथित तौर पर तनाव में था। उसे नीचे उतारने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नीचे आने के बजाय और ऊपर चढ़ता गया। इसके बाद स्थिति गंभीर हो गई। आखिरकार अग्निशमन दल के जवानों ने करीब ढाई घंटे तक चलाए गए साहसिक बचाव अभियान के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
किशोर उर्फ मोनू बरसन सिन्हा टावर पर चढ़ा
युवक की पहचान किशोर उर्फ मोनू बरसन सिन्हा, निवासी बोरतारा, छत्तीसगढ़, के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह करीब 11:45 बजे सिविल लाइंस अग्निशमन केंद्र को सूचना मिली कि एक युवक टावर पर चढ़ गया है।
नीचे आने से कर दिया स्पष्ट इनकार
सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन और टर्नटेबल सीढ़ी के साथ दल कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गया। जवानों ने युवक को नीचे लाने का प्रयास किया, लेकिन उसने नीचे आने से स्पष्ट इनकार कर दिया और स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई।
तकनीकी बाधाओं के बावजूद जवानों ने नहीं खोया धैर्य
टावर पर मौजूद तारों और तकनीकी अवरोधों के कारण सीढ़ी की केज को युवक के करीब ले जाना बेहद कठिन था। इसके बावजूद अग्निशमन जवानों ने धैर्य बनाए रखा और सावधानीपूर्वक युवक तक पहुंचने का प्रयास जारी रखा।
पानी और नाश्ता देकर विश्वास में लिया
बचाव दल ने युवक से लगातार बातचीत की। जवानों ने उसे पानी और नाश्ता दिया तथा विश्वास में लेकर नीचे उतरने के लिए समझाया। लंबे प्रयास के बाद अग्निशमन दल को सफलता मिली और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
समय रहते टला बड़ा हादसा
करीब ढाई घंटे चले इस बचाव अभियान के दौरान अग्निशमन दल ने बेहद संयम और सावधानी से काम किया। समय रहते युवक को सुरक्षित नीचे उतारे जाने से बड़ा हादसा टल गया।

