कांद्री–कान्हान क्षेत्र में शराब कारोबार को लेकर सामने आया मामला अब और गंभीर और चौंकाने वाला होता जा रहा है। शुरुआती खुलासों के बाद अब जो जानकारी सामने आई है, वह पूरे सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में एक नया और गंभीर पहलू सामने आया है — कई बार संचालक शराब ट्रेड से ब्लैकलिस्ट किए जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि इन बार संचालकों पर ट्रेडर्स की बकाया राशि (उधारी करोड़ो मे) लंबे समय से बाकी है, जिसके चलते उन्हें आधिकारिक सप्लाई चैन से बाहर कर दिया गया है।
लेकिन सवाल यह है कि जब ये बार संचालक ब्लैकलिस्ट हैं, तो उनके बार में आने वाली शराब आखिर कहां से आ रही है?सूत्र बताते हैं कि यही से शुरू होता है शराब के ‘शॉर्टकट नेटवर्क’ का बडा खेल। कुछ बार संचालक कामठी क्षेत्र की विभिन्न वाइन शॉप्स से सीधे शराब खरीद रहे हैं और उसे अपने बार में खपा रहे हैं। इस प्रक्रिया में न सिर्फ एक्साइज विभाग के नियमों को दरकिनार किया जा रहा है, बल्कि बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी भी की जा रही है।
मामला यहीं तक सीमित नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ बार संचालक ऐसे भी हैं जो एक-दो नहीं बल्कि 10 से 12 बार शॉप कथित तौर पर अवैध तरीके से संचालित कर रहे हैं।
यह एक संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जहां सप्लाई, बिक्री और संचालन — सब कुछ एक सुनियोजित तरीके से चल रहा है।
इस पूरे मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:
• ब्लैकलिस्ट होने के बावजूद बार कैसे चल रहे हैं?
• वाइन शॉप्स से खुलेआम बार तक शराब की सप्लाई कैसे पहुंच रही है?
• क्या इस पूरे नेटवर्क में किसी स्तर पर संरक्षण या मिलीभगत है?
• और सबसे बड़ा सवाल — क्या संबंधित विभाग जानबूझकर आंखें मूंदे बैठा है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कोई बार संचालक एक साथ कई बार चला रहा है और खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो बिना किसी सिस्टम की कमजोरी या संरक्षण के यह संभव नहीं है।
यह मामला सिर्फ नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने और पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठाने वाला है। हम इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रहे हैं। और जल्द ही संबंधित विभाग के उच्च अधिकारी से बात कर , बहुत जल्द इस खेल में शामिल चेहरों, ठिकानों और कड़ियों का बड़ा खुलासा किया जाएगा। बने रहिए हमारे साथ — क्योंकि अगली रिपोर्ट में सच और भी चौंकाने वाला हो सकता है।

